विश्व सीकेएम दिवस की पहल के लिए जागरूकता रैली, काशी से दुनिया को दिया स्वास्थ्य का संदेश

मधुमेह, उच्च रक्तचाप, मोटापा, हृदय एवं गुर्दे से जुड़ी बीमारियों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से चिकित्सकों की संस्था कार्डियाबकॉन सोसाइटी ने 21 जनवरी को विश्व सीकेएम (हृदय, गुर्दा एवं चयापचय) दिवस के रूप में मनाने का प्रस्ताव रखा है। विश्व मधुमेह दिवस के अवसर पर काशी से इस वैश्विक पहल का संदेश देते हुए सोसाइटी ने दुनिया के सभी देशों और चिकित्सा संस्थाओं से इसे अपनाने का आह्वान किया।सोसाइटी के महासचिव डॉ. आशुतोष मिश्रा ने कहा कि मधुमेह, रक्तचाप, मोटापा, हृदय और गुर्दे की बीमारियां एक-दूसरे से जुड़ी हुई हैं। इसलिए इनकी जांच, रोकथाम और उपचार को अलग-अलग देखने के बजाय एकीकृत दृष्टिकोण अपनाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर जिस तरह अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को वैश्विक पहचान मिली, उसी प्रेरणा से विश्व सीकेएम दिवस की पहल की जा रही है। इसका उद्देश्य स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता को सीमाओं और राजनीति से ऊपर उठाकर वैश्विक अभियान बनाना है।

उन्होंने बताया कि इस प्रस्ताव को शासन, स्वास्थ्य मंत्रालय, विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) तथा देश-विदेश की चिकित्सा संस्थाओं को भेजा गया है। इस पर प्रारंभिक प्रतिक्रियाएं भी प्राप्त हुई हैं। उल्लेखनीय है कि संस्था का 'वाराणसी घोषणा-पत्र 2026' प्रतिष्ठित लैंसेट समूह की पत्रिका में प्रकाशित हो चुका है।इसी क्रम में शनिवार को दुर्गाकुंड स्थित पैनासिया अस्पताल की टीम की ओर से पांच किलोमीटर की जागरूकता पदयात्रा निकाली गई। स्थानीय बोली में लगाए गए नारों के माध्यम से पांच हजार से अधिक लोगों तक स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश पहुंचाया गया। डॉ. आशुतोष मिश्रा ने बताया कि अस्पताल की टीम पिछले 15 वर्षों में बिना किसी अनुदान के पांच हजार से अधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर चुकी है।इस पहल के माध्यम से काशी से पूरी दुनिया तक हृदय, गुर्दे और चयापचय संबंधी बीमारियों की एकीकृत रोकथाम एवं उपचार का संदेश पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।




Post a Comment

Previous Post Next Post