काशी की गलियों में शुक्रवार की रात मां काली के जयकारों, सिंदूर और गुलाल की लालिमा के बीच भक्ति एवं परंपरा का अद्भुत नजारा देखने को मिला। देवनाथपुरा स्थित नवसंघ क्लब की मां काली की प्रतिमा की विसर्जन शोभायात्रा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच निकाली गई। बंगीय समुदाय की धार्मिक परंपराओं और श्रद्धालुओं के उत्साह ने पूरे आयोजन को विशेष बना दिया।पूजा पंडाल से मां काली की विशाल प्रतिमा को सावधानीपूर्वक संकरी गलियों से निकालकर सोनारपुरा-गोदौलिया मुख्य मार्ग तक लाया गया। यहां बंगीय समुदाय की महिलाओं ने मां को सिंदूर अर्पित कर विधि-विधान से पूजन किया। इसके बाद शोभायात्रा मदनपुरा होते हुए गोदौलिया पहुंची। परंपरा के अनुसार मां की विशाल प्रतिमा के साथ गोदौलिया चौराहे की सात बार परिक्रमा की गई।
इस दौरान श्रद्धालुओं ने जमकर गुलाल उड़ाया और जगह-जगह पुष्पवर्षा कर मां का स्वागत किया। मां काली सहित अन्य प्रतिमाओं के स्वरूप में मुखौटे लगाए कलाकारों की तलवारबाजी आकर्षण का केंद्र रही। गोदौलिया से चौक होते हुए शोभायात्रा मैदागिन स्थित कंपनी बाग पहुंची, जहां कुंड में प्रतिमा का विसर्जन किया गया।तसंवेदनशील इलाकों से गुजरने वाली शोभायात्रा को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। एडीसीपी वैभव बांगर ने सुरक्षा की कमान संभाली। चार एसीपी, एक एडिशनल एसपी, सात थानों की पुलिस, एक प्लाटून पीएसी सहित कुल 250 पुलिसकर्मी तैनात रहे। प्रशासन की ओर से पांडेयहवेली चौराहा, मदनपुरा, जंगमबाड़ी, गोदौलिया, बांसफाटक और चौक के पास आतिशबाजी के लिए स्थान निर्धारित किए गए थे।शोभायात्रा के संचालन में नवसंघ क्लब के अध्यक्ष असित कुमार दास, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, महापौर अशोक कुमार तिवारी, भाजपा नेता अशोक पांडेय, बजरंग दल काशी प्रांत प्रमुख निखिल त्रिपाठी 'रुद्र', अंबरीष सिंह भोला, पार्षद शरद पांडेय मुन्ना, चंद्रनाथ मुखर्जी, रामगोपाल वर्मा एवं विजय द्विवेदी सहित अन्य लोगों की सहभागिता रही।

