बाल विद्यालय में धूमधाम से मना बाल दिवस, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ बच्चों ने लगाई खाद्य एवं खेलों की दुकानें

प्रहलादघाट स्थित बाल विद्यालय माध्यमिक स्कूल में शनिवार को बाल दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विद्यालय के निदेशक मंजुल पाण्डेय रहे। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत गीतों के साथ छठ पूजा पर आधारित गीत और नृत्य विशेष आकर्षण रहे। कक्षा 9-बी के छात्र ध्रुव पाण्डेय ने छठी मैया को समर्पित भजन प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण बच्चों की ओर से लगाई गई खाद्य सामग्री एवं खेलों की दुकानें रहीं। प्रत्येक कक्षा की ओर से दो-दो खाद्य सामग्री और खेलों के स्टॉल लगाए गए। शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने इन स्टॉलों से खरीदारी कर बच्चों का उत्साहवर्धन किया। इस गतिविधि के माध्यम से विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान, आत्मनिर्भरता और रोजगारपरक शिक्षा का अनुभव कराया गया। बच्चों के मार्गदर्शन के लिए संबंधित कक्षाध्यापक भी स्टॉल पर मौजूद रहे।मुख्य अतिथि मंजुल पाण्डेय ने बच्चों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की गतिविधियां विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता और स्वावलंबन की भावना विकसित करती हैं। कार्यक्रम का संचालन अभिषेक मालवीय ने किया तथा आभार चंदन चौधरी ने व्यक्त किया। आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं का विशेष सहयोग रहा। इनमें सूरज सैनी, दीपक मिश्रा, शिवेंद्र मिश्रा, जया मल्लिक एवं राजश्री सप्रे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


Post a Comment

Previous Post Next Post