लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को सकुशल एवं सुरक्षित संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग अलर्ट मोड में है। इसी क्रम में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, एडीजी जोन नवीन अरोड़ा और डीआईजी शिवहरि मीणा समेत पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने गंगा घाटों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।अधिकारियों ने नमो घाट से सामने घाट तक नाव के माध्यम से गंगा में भ्रमण कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान घाटों पर श्रद्धालुओं की संभावित भीड़, नावों के संचालन, जल पुलिस की तैनाती और सुरक्षा इंतजामों की स्थिति परखी गई।
वहीं, अस्सी घाट पर जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार के नेतृत्व में डीआईजी शिवहरि मीणा, डीसीपी गौरव बंसवाल, एसीपी गौरव कुमार सहित एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, नगर निगम और जल पुलिस के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को लेकर आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया।प्रशासन का उद्देश्य छठ पूजा के दौरान घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ ही किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी संबंधित विभागों को मुस्तैद रखना है।

