वाराणसी के बाबतपुर एयरपोर्ट पर सोमवार को कम विजिबिलिटी के चलते हवाई यातायात प्रभावित रहा। मौसम खराब होने के कारण विमानों को लैंडिंग की अनुमति नहीं मिल सकी और कई विमान आसमान में चक्कर लगाते रहे। इसके चलते एक अंतरराष्ट्रीय समेत तीन उड़ानों को डायवर्ट करना पड़ा, जबकि मुंबई की एक फ्लाइट निरस्त कर दी गई। इसके अलावा 14 उड़ानें कई घंटे की देरी से संचालित हुईं।
सबसे ज्यादा परेशानी काठमांडू से वाराणसी आ रही बुद्धा एयर की अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट के यात्रियों को हुई। विमान ने एयरपोर्ट के ऊपर 20 से अधिक चक्कर लगाए, लेकिन लैंडिंग नहीं हो सकी। आखिरकार विमान को वापस काठमांडू भेजना पड़ा। वहीं, इंडिगो की बंगलूरू-वाराणसी और दिल्ली-वाराणसी उड़ानों को लखनऊ डायवर्ट किया गया। स्पाइसजेट की मुंबई-वाराणसी-मुंबई फ्लाइट रद्द कर दी गई। खराब मौसम के चलते स्पाइसजेट की पुणे फ्लाइट 5 घंटे 10 मिनट, इंडिगो की लखनऊ फ्लाइट 3 घंटे 1 मिनट और एयर इंडिया की दिल्ली फ्लाइट 1 घंटे 44 मिनट की देरी से संचालित हुई।
उड़ानों के डायवर्ट होने और देरी से संचालन के कारण यात्रियों को एयरपोर्ट पर घंटों इंतजार करना पड़ा। सुबह से ही वेटिंग हॉल में यात्रियों की भीड़ जमा रही। वाराणसी-शारजाह समेत दिल्ली, मुंबई, अहमदाबाद, खजुराहो और हैदराबाद की उड़ानें भी प्रभावित हुईं। खराब मौसम का असर खासतौर पर दिल्ली और मुंबई से आने-जाने वाले यात्रियों पर पड़ा। कई यात्रियों को अपनी आगे की यात्रा का कार्यक्रम बदलना पड़ा।

