वाराणसी। नगर निगम के वार्ड संख्या 39 सुसुवाही स्थित विश्वकर्मा नगर कॉलोनी में सड़क और सीवर निर्माण कार्य को लेकर विवाद सामने आया है। क्षेत्रीय पार्षद सुरेश पटेल उर्फ गुड्डू ने एक व्यक्ति पर निर्माण कार्य में बाधा डालने, ठेकेदार और कारीगरों के साथ गाली-गलौज, मारपीट और धमकी देने का आरोप लगाया है। पार्षद का कहना है कि लगातार हो रहे इस व्यवहार से निर्माण कार्य में लगे मजदूरों में भय का माहौल है और विकास कार्य प्रभावित हो रहा है।
पार्षद के अनुसार, विश्वकर्मा नगर में स्थानीय लोगों की लंबे समय से चली आ रही सड़क और सीवर की समस्या के समाधान के लिए निर्माण कार्य कराया जा रहा है। इसी दौरान एक व्यक्ति कथित रूप से कार्यस्थल पर पहुंचकर ठेकेदार और कारीगरों को काम बंद करने की धमकी देता है। आरोप है कि संबंधित व्यक्ति ने एक कारीगर का मोबाइल फोन भी छीन लिया।
पार्षद सुरेश पटेल उर्फ गुड्डू ने बताया कि संबंधित व्यक्ति पिछले कई दिनों से उन्हें भी फोन कर परेशान कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि फोन पर अभद्र भाषा का प्रयोग करने के साथ निर्माण कार्य में अनावश्यक हस्तक्षेप किया जा रहा है। इससे मजदूरों और कारीगरों का मनोबल प्रभावित हो रहा है।
स्थानीय नागरिकों ने भी निर्माण कार्य में कथित बाधा को लेकर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि सड़क और सीवर निर्माण पूरे मोहल्ले की सुविधा के लिए कराया जा रहा है। यदि किसी व्यक्ति को निर्माण कार्य की गुणवत्ता या प्रक्रिया को लेकर कोई आपत्ति है तो उसे संबंधित विभाग या नगर निगम के अधिकारियों के सामने अपनी शिकायत रखनी चाहिए। मजदूरों को डराने-धमकाने से पूरे क्षेत्र का विकास प्रभावित होता है।
प्रशासन से कार्रवाई की मांग
पार्षद और स्थानीय नागरिकों ने पुलिस प्रशासन एवं नगर निगम के अधिकारियों से मामले का संज्ञान लेकर निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। साथ ही निर्माण कार्य में लगे ठेकेदार, कारीगरों और मजदूरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा आरोप सही पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की अपील की है।
क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से प्रतीक्षित सड़क और सीवर निर्माण कार्य किसी विवाद की भेंट नहीं चढ़ना चाहिए। प्रशासन को हस्तक्षेप कर निर्माण कार्य बिना किसी दबाव और बाधा के पूरा कराना चाहिए, जिससे कॉलोनी के लोगों को मूलभूत सुविधाओं का लाभ मिल सके।



