आचार्य सीताराम चतुर्वेदी महिला महाविद्यालय में नवागत छात्राओं का स्वागत, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

डोमरी, रामनगर स्थित आचार्य सीताराम चतुर्वेदी महिला महाविद्यालय में सत्र 2026-27 में प्रवेश लेने वाली नवागत छात्राओं के स्वागत एवं परिचय समारोह का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। वरिष्ठ छात्राओं की ओर से आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।

इस अवसर पर महाविद्यालय की सीएमओ श्रीमती अपूर्वा पाण्डेय ने नवागत छात्राओं का स्वागत करते हुए कहा कि महाविद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि संस्कार और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का माध्यम भी है। उन्होंने छात्राओं को अनुशासन बनाए रखने, नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने और उच्च लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।

डॉ. प्रतिमा राय ने छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे अपनी प्रतिभा और मेहनत के बल पर महाविद्यालय का नाम रोशन करें। समारोह में वरिष्ठ छात्राओं ने स्वागत गीत, नृत्य और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया। नवागत छात्राओं ने भी अपना परिचय देते हुए अनुभव साझा किए और महाविद्यालय परिवार का हिस्सा बनने पर खुशी जाहिर की।

कार्यक्रम के अंत में नवागत छात्राओं को उपहार देकर सम्मानित किया गया। इसके बाद अल्पाहार के साथ समारोह का समापन हुआ। इस दौरान महाविद्यालय के प्राध्यापक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।

Post a Comment

Previous Post Next Post