नमो घाट पर गणेश आचार्य ने किया फिल्म ‘गणेश: डस्ट टू स्टारडम’ के शिव भक्ति गीत ‘बम बम’ का अनावरण, गंगा आरती में भी हुए शामिल

महादेव की नगरी काशी में मशहूर कोरियोग्राफर एवं फिल्ममेकर गणेश आचार्य ने नमो घाट पर अपनी आगामी फिल्म ‘गणेश: डस्ट टू स्टारडम’ के शिव भक्ति गीत ‘बम बम’ का भव्य अनावरण किया। छठ पर्व के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों और प्रशंसकों की मौजूदगी रही। इस दौरान भक्ति संगीत और सिनेमा का अनूठा संगम देखने को मिला।

गीत के अनावरण के बाद गणेश आचार्य दशाश्वमेध घाट पहुंचे, जहां उन्होंने मां गंगा की आरती में शामिल होकर बाबा विश्वनाथ का आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि काशी और भोलेनाथ की नगरी में छठ के अवसर पर अपनी फिल्म के शिव भक्ति गीत का अनावरण करना उनके लिए बेहद खास है। उन्होंने बताया कि इस गीत को तैयार करने में काफी मेहनत की गई है और वाराणसी का उनके फिल्मी करियर में विशेष योगदान रहा है। उन्होंने यहां कई फिल्मों के गीतों की शूटिंग का भी जिक्र किया।‘बम बम’ गीत को जुनैद कुमार और कल्याण वसंत ने अपनी आवाज दी है, जबकि इसका संगीत जुनैद कुमार ने तैयार किया है। गीत के बोल गणेश आचार्य ने लिखे हैं। भक्ति भाव और आधुनिक संगीत के मेल से तैयार यह गीत भगवान शिव की आराधना को नए अंदाज में प्रस्तुत करता है।

वी2एस प्रोडक्शन एंड एंटरटेनमेंट के बैनर तले बनी फिल्म ‘गणेश: डस्ट टू स्टारडम’ की निर्माता सौंदर्या आचार्य हैं। फिल्म की कहानी और निर्देशन गणेश आचार्य ने किया है। फिल्म की पटकथा एवं संवाद दिगंगना सूर्यवंशी और गणेश आचार्य ने लिखे हैं। फिल्म 11 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। गीत ‘बम बम’ जी म्यूजिक कंपनी के माध्यम से प्रमुख संगीत मंचों पर उपलब्ध है।



Post a Comment

Previous Post Next Post