दुर्गाकुंड स्थित मां कुष्मांडा मंदिर में भव्य अन्नकूट महोत्सव, 56 भोग से सजा मां का अलौकिक दरबार

दुर्गाकुंड स्थित आदि शक्ति मां कुष्मांडा दुर्गा मंदिर में भव्य अन्नकूट महोत्सव श्रद्धा एवं उल्लास के साथ आयोजित किया गया। इस अवसर पर मां का 56 प्रकार के मिष्ठानों एवं पकवानों से भव्य श्रृंगार किया गया। मंदिर परिसर में 51 कुंतल मिष्ठानों और विभिन्न प्रकार के पकवानों की आकर्षक सजावट श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही। मंदिर के महंत पं. धनी शंकर दुबे एवं महंत पं. संजू दुबे ने भोर में विधि-विधान से पूजन, हवन एवं स्तुति की। इसके बाद श्रृंगारिया पं. ऋषभ दुबे ने मां का भव्य अन्नकूट श्रृंगार किया।

भाजपा के प्रदेश सदस्य संस्कृति प्रकोष्ठ के अधिवक्ता कन्हैया दुबे केडी के संयोजन में आयोजित महोत्सव में गायन, वादन एवं नृत्य की त्रिवेणी प्रवाहित हुई। कार्यक्रम का शुभारंभ पं. रविशंकर मिश्रा एवं डॉ. ममता टंडन की युगल कथक प्रस्तुति से हुआ। प्रसिद्ध तबला वादक दीपक सिंह ने विभिन्न प्रांतों की लोक धुनों की प्रस्तुति देकर अपनी हाजिरी लगाई। काशी के बाल कलाकार यथार्थ दुबे ने भजन सुनाकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। इसके साथ ही आलोक कुमार, आलोक पांडेय, खुशबू तिवारी, शालिनी दुबे, हंसराज यादव एवं अंशिका सिंह सहित अन्य कलाकारों ने देवी गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि प्रोफेसर अजीत कुमार शुक्ला, सेंट्रल बार एसोसिएशन के महामंत्री आशीष सिंह, प्रमोद यादव एवं अधिवक्ता संदीप सिंह पिंटू का उप महंत पं. देवेंद्र दुबे एवं पं. जितेंद्र दुबे ने चुनरी, पुष्पहार एवं प्रसाद देकर सम्मान किया। महोत्सव में दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी रही। अंत में भक्तों के बीच प्रसाद वितरण किया गया।



Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post