बरेका में बाल दिवस एवं जनजातीय गौरव दिवस पर भव्य समारोह, बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

 बरेका में बाल दिवस एवं जनजातीय गौरव दिवस पर भव्य समारोह, बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) के कर्मचारी क्लब में 14 नवंबर 2026 को बाल दिवस एवं जनजातीय गौरव दिवस के उपलक्ष्य में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और विभिन्न प्रतियोगिताओं के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। वहीं, जनजातीय संस्कृति, परंपरा और विरासत की झलक ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ सहायक कार्मिक अधिकारी (कर्मशाला) श्री पीयूष मिंज ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू एवं महान स्वतंत्रता सेनानी भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर दोनों महान विभूतियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।

समारोह में कर्मचारी क्लब के सचिव श्री मदन कुमार ने अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर बच्चों के लिए जनजातीय पारंपरिक परिधान फैशन शो, जनजातीय गौरव विषयक भाषण प्रतियोगिता तथा जनजातीय नृत्य एवं संगीत प्रतियोगिता आयोजित की गईं।

बच्चों ने पारंपरिक वेशभूषा, प्रभावशाली भाषण और मनमोहक नृत्य-संगीत प्रस्तुतियों के जरिए जनजातीय समाज की समृद्ध संस्कृति एवं परंपराओं को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। नन्हे प्रतिभागियों के उत्साह और आत्मविश्वास से पूरा कर्मचारी क्लब परिसर तालियों की गूंज से सराबोर रहा।


कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलने के साथ ही देश की सांस्कृतिक विविधता, जनजातीय गौरव और महान विभूतियों के योगदान से भी परिचित कराया गया। आयोजन को सफल बनाने में मुख्य कर्मचारी कल्याण निरीक्षक श्री चंदन पाण्डेय का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

कार्यक्रम का सुरुचिपूर्ण संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन कर्मचारी क्लब के कोषाध्यक्ष श्री सरोज कुमार सिंह ने किया।

Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post