वाराणसी में इस बार देव दीपावली का आयोजन और भी भव्य होने जा रहा है। 24 नवंबर को गंगा के 84 घाटों से लेकर शहर के 100 से अधिक कुंडों तक 11 लाख से ज्यादा दीप जलाए जाएंगे। दीपोत्सव में महिला स्वयं सहायता समूहों की ओर से तैयार किए गए दीपक भी शामिल होंगे। इसके साथ ही आसमान में ड्रोन शो, ग्रीन आतिशबाजी और लेजर शो आकर्षण का केंद्र रहेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लखनऊ में उच्चस्तरीय बैठक कर देव दीपावली और 20 से 23 नवंबर तक आयोजित होने वाले गंगा महोत्सव की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सम्मान का विशेष ध्यान रखा जाए।
देव दीपावली की शाम सभी प्रमुख घाट दीपों से रोशन होंगे। दशाश्वमेध घाट पर विश्वप्रसिद्ध गंगा महाआरती आयोजित होगी, जबकि चेत सिंह घाट पर भव्य प्रोजेक्शन और लेजर शो होगा। दशाश्वमेध और अस्सी घाट के सामने ड्रोन शो तथा काशी विश्वनाथ धाम घाट के सामने ग्रीन आतिशबाजी का प्रदर्शन किया जाएगा। वहीं, नावों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए नमो घाट से अस्सी घाट तक फ्लोटिंग वॉटर जेटी के माध्यम से वन-वे सिस्टम बनाया जाएगा। सुरक्षा के लिए 10 जोन, 21 सेक्टर और 36 सब-सेक्टर में घाट क्षेत्र को बांटा जाएगा। 27 वॉच टावर, सीसीटीवी कैमरे, ड्रोन कैमरे और प्रमुख घाटों पर एंटी रोमियो स्क्वॉड तैनात रहेंगे। श्रद्धालुओं की सहायता के लिए 11 खोया-पाया केंद्र भी बनाए जाएंगे।
शहर को जाम से बचाने के लिए 31 स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था होगी और भारी वाहनों के लिए सात प्रमुख डायवर्जन प्लान तैयार किए जाएंगे। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर, सर सुंदरलाल अस्पताल और पंडित दीनदयाल अस्पताल समेत प्रमुख अस्पतालों को जोड़कर ग्रीन कॉरिडोर बनाया जाएगा। इसके अलावा 20 से 25 नवंबर तक पूरे शहर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि दीपदान के बाद घाटों की तत्काल सफाई कराई जा सके। नमो घाट पर चार दिवसीय गंगा महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित होंगे, जिनमें स्थानीय कलाकारों को प्राथमिकता दी जाएगी।

