धर्मनगरी काशी में धनतेरस पर शुक्रवार को मां अन्नपूर्णा के स्वर्णमयी स्वरूप के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। अन्नपूर्णा मठ मंदिर में प्रथम तल पर विराजमान मां की स्वर्णमयी प्रतिमा के कपाट सुबह पांच बजे आम श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। दर्शन के लिए मंदिर के बाहर करीब दो किलोमीटर लंबी कतार लगी रही। श्रद्धालु आधी रात से ही कतार में लगकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे। सुबह 11 बजे तक करीब 60 हजार भक्त मां के दर्शन कर चुके थे।
इससे पहले सुबह चार बजे मंदिर के महंत शंकर पुरी महाराज ने षोडशोपचार विधि से मां का पूजन और विशेष शृंगार किया। इसके बाद महाआरती कर मंदिर के कपाट खोले गए। दर्शन के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद स्वरूप लावा, सिक्के और खजाना वितरित किया जा रहा है। मान्यता है कि मां का खजाना प्रसाद घर ले जाने से परिवार में अन्न-धन की कमी नहीं होती।
धनतेरस से अन्नकूट तक चलने वाले पांच दिवसीय दर्शन मेले में मां अन्नपूर्णा के साथ मां लक्ष्मी, भूमि देवी और रजत महादेव के दर्शन भी हो रहे हैं। इस दौरान विशेष पूजन और आरती के साथ 21 किलो के रजत खजाने की भी पूजा की जाएगी। मंदिर प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए बैरिकेडिंग और सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। पांच दिनों में करीब 10 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।


