वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में रेलवे पेंशनभोगियों और पारिवारिक पेंशनभोगियों की सुविधा के लिए राष्ट्रव्यापी डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट अभियान 5.0 के तहत मेगा कैंप का आयोजन किया जा रहा है। बरेका संस्थान स्थित सम्मान कक्ष में 5, 6 और 27 नवंबर को आयोजित इस शिविर का उद्देश्य सेवानिवृत्त रेल कर्मचारियों और उनके परिवारों को डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र बनवाने एवं जमा करने की सुविधा उपलब्ध कराना है। यह अभियान 1 से 30 नवंबर तक चलाया जा रहा है। महाप्रबंधक आशुतोष पंत के मार्गदर्शन में इस पहल के जरिए पेंशनभोगियों को कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने से राहत मिलेगी।
शिविर में पेंशनभोगियों को डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट तैयार करने और ऑनलाइन जमा करने की प्रक्रिया में तकनीकी सहायता दी जा रही है। साथ ही फेस ऑथेंटिकेशन तकनीक के माध्यम से घर बैठे डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र बनाने के बारे में भी जागरूक किया जा रहा है। प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी लालजी चौधरी और उप मुख्य कार्मिक अधिकारी समीर पाल ने शिविर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों को पेंशनभोगियों की सुविधा के लिए तत्परता से कार्य करने के निर्देश दिए। इस दौरान बैंकिंग और डिजिटल प्रक्रिया से जुड़ी सहायता भी उपलब्ध कराई जा रही है।
अभियान को सफल बनाने में बरेका के विभिन्न विभागों, भारतीय स्टेट बैंक की बरेका शाखा और पेंशनर्स एसोसिएशन का सहयोग मिल रहा है। शिविर में वरिष्ठ कार्मिक अधिकारी एम. ए. अंसारी, जन संपर्क अधिकारी राजेश कुमार सहित विभिन्न अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। बरेका प्रशासन की इस पहल से सेवानिवृत्त कर्मचारियों और उनके परिवारों को पेंशन संबंधी सेवाएं सरल, पारदर्शी और सुविधाजनक तरीके से उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।


