14.90 करोड़ की लागत से बनेगा स्टॉर्म वाटर ड्रेन, वाराणसी-अदलपुरा मार्ग का भूमि पूजन संपन्न

वाराणसी-अदलपुरा-चुनार-कछवां मार्ग (एसएच-74) के शुरुआती 4.5 किलोमीटर हिस्से में स्टॉर्म वाटर ड्रेन और सड़क रेस्टोरेशन कार्य का शुक्रवार को विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन संपन्न हुआ। इस परियोजना पर कुल 14 करोड़ 89 लाख 85 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे।

कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल और क्षेत्रीय विधायक डॉ. सुनील पटेल की विशेष उपस्थिति रही। परियोजना के तहत 4.5 किलोमीटर लंबे मार्ग पर वर्षा जल की निकासी के लिए नाली का निर्माण कराया जाएगा। साथ ही क्षतिग्रस्त सड़क का पुनर्स्थापन भी किया जाएगा।इस कार्य के पूरा होने से क्षेत्र में बरसात के दौरान होने वाले जलभराव की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। सड़क की मरम्मत और जल निकासी की बेहतर व्यवस्था होने से स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों, राहगीरों और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।

इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने कहा कि सड़क और जल निकासी जैसी आधारभूत सुविधाओं का विकास क्षेत्र की आवश्यकता है। इससे क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को भी मजबूती मिलेगी। कार्यक्रम में वार्ड संख्या 39 सुसुवाही के पार्षद सुरेश पटेल, करौंदी क्षेत्र के पार्षद श्याम भूषण शर्मा, पार्षद कमलेश पाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्रीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



Post a Comment

Previous Post Next Post