सिख धर्म के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी महाराज के 557वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में रविवार को गुरुद्वारा गुरुबाग से भव्य धार्मिक शोभायात्रा निकाली गई। गुरु ग्रंथ साहिब जी की पालकी और पंज प्यारों की अगुवाई में निकली शोभायात्रा में बड़ी संख्या में सिख संगत, श्रद्धालुओं और स्कूली बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। फूलों और विद्युत झालरों से सजी गुरु ग्रंथ साहिब जी की पालकी आकर्षण का केंद्र रही। गुरुवाणी के मधुर कीर्तन और बैंड की धुनों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।शोभायात्रा गुरुद्वारा गुरुबाग से प्रारंभ होकर लक्सा, गिरजाघर चौराहा, नई सड़क, चेतगंज, लहुराबीर, मलदहिया, लाजपत नगर, नानक नगर, शास्त्री नगर, अशोक नगर, गांधी नगर, सिगरा और रथयात्रा होते हुए शाम सात बजे वापस गुरुद्वारा गुरुबाग पहुंची। मार्ग में हथुआ मार्केट, मलदहिया, लाजपत नगर, नानक नगर, साजन तिराहा, अशोक नगर और गांधी नगर सहित विभिन्न स्थानों पर शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया गया। श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर प्रसाद वितरित किया।
शोभायात्रा में पंज प्यारे, घुड़सवार पंज प्यारे, गुरु साहिब की पालकी, कीर्तन मंडलियां और स्थानीय बैंड पार्टी विशेष आकर्षण रहे। विद्यालय के बच्चों के बैंड और शबद गायन ने लोगों का मन मोह लिया। वहीं छात्र-छात्राएं हाथों में 'स्वच्छ काशी-सुंदर काशी' का संदेश लेकर चल रहे थे। शोभायात्रा की पवित्रता और स्वच्छता बनाए रखने के लिए संगत के सदस्य मार्ग की सफाई और धुलाई करते हुए आगे बढ़ रहे थे।
गुरुद्वारा पहुंचने पर शोभायात्रा का पुष्प वर्षा और आरती के साथ स्वागत किया गया। इसके बाद शबद कीर्तन और अरदास हुई तथा गुरु का अटूट लंगर वितरित किया गया। गुरुद्वारा गुरुबाग के मुख्य ग्रंथी भाई रंजीत सिंह ने सभी काशीवासियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि 23 नवंबर की शाम और 24 नवंबर को गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर दिनभर पंथ के प्रसिद्ध रागी जत्थों द्वारा शबद कीर्तन और कथा का आयोजन होगा।

.jpg)