डाफी में भीषण सड़क हादसा, ट्रक के पीछे जा घुसी बाइक,बाइक सवार गंभीर रूप से घायल

वाराणसी के लंका थाना क्षेत्र के डाफी स्थित नेशनल हाईवे पर सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। रमना चौकी क्षेत्र में तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक बाइक समेत ट्रक में फंस गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, ट्रक काफी देर से सड़क पर खड़ा था और उसका चालक मौके पर मौजूद नहीं था। इसी दौरान बाइक सवार दोनों युवक तेज रफ्तार में पहुंचे और ट्रक से टकरा गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने युवकों के हाथ में बीयर के कैन होने की बात कही है। ऐसे में उनके नशे में होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। हादसे में एक युवक की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है, जबकि दूसरा भी गंभीर रूप से घायल है।

सूचना मिलने पर रमना चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों युवकों को ट्रक के पिछले हिस्से से बाहर निकलवाया। इसके बाद उन्हें तत्काल उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर भेजा गया। पुलिस के अनुसार, दोनों घायल युवकों की पहचान अभी नहीं हो सकी है। हादसे के बाद हाईवे पर खड़े भारी वाहनों और सड़क सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं।

Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post