बहराइच के फखरपुर क्षेत्र स्थित खालिदपुर गांव में सोमवार रात उर्स मेले के दौरान जलपरी शो का टैंक अचानक फट गया। हादसे के समय शो देखने के लिए करीब 40 लोग मौजूद थे। टैंक में भरे लगभग 20 हजार लीटर पानी के तेज बहाव से कांच की दीवार टूट गई, जिससे मेले में अफरा-तफरी मच गई। पानी के साथ बहकर बच्चे कई मीटर दूर तक चले गए, जबकि कांच के टुकड़े लगने से 4 बच्चों समेत 15 लोग घायल हो गए। हादसे में शो कर रही जलपरी भी चोटिल हुई है।
घटना के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने घायलों को फखरपुर सीएचसी पहुंचाया, जहां से गंभीर रूप से घायल दो बच्चों को रेफर कर दिया गया। घायलों में अर्श (8), बुरऊ (7), अहद खान (8) और मोहम्मद सादिक (9) शामिल हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शो के दौरान अचानक तेज आवाज के साथ टैंक फट गया। वहीं, घायल सादिक के सिर में कांच लगने से टांके लगाने पड़े। इस साल दादा मियां के उर्स मेले में पहली बार जलपरी शो आयोजित किया गया था, जिसमें 50 रुपये का टिकट लेकर लोग शो देखने पहुंचे थे।
पुलिस के मुताबिक, जलपरी शो के आयोजन के लिए अनुमति नहीं ली गई थी। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि पानी का दबाव अधिक होने के कारण टैंक फटने की आशंका है। मामले में मेला कमेटी के अध्यक्ष और शो संचालक समेत चार लोगों को हिरासत में लिया गया है। वहीं, उर्स कमेटी अध्यक्ष वाजिद खान, शो संचालक शादाब समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस हादसे की जांच कर रही है।

