शुक्रवार सुबह आजमगढ़ के अमिलो गांव में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब खेत में 32 वर्षीय युवक का शव पड़ा मिला। मृतक की पहचान मुबारकपुर थाना क्षेत्र निवासी रविकांत उर्फ हीरा के रूप में हुई है, जो पेशे से पान विक्रेता था। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। वहीं, परिजनों ने रविकांत की हत्या किए जाने की आशंका जताई है।
घटना अमिलो स्थित महाजन का बाग की है। सुबह खेत की ओर गए लोगों की नजर शव पर पड़ी तो उन्होंने तत्काल पुलिस को जानकारी दी। मौके पर पहुंचे सीओ सदर ईश्वर लाल गुर्जर और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच की। शुरुआती निरीक्षण में शरीर पर चोट के निशान नहीं मिले हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, ताकि मौत की वजह स्पष्ट हो सके।
इस घटना ने रविकांत के परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। उसकी शादी करीब एक साल पहले हुई थी और पत्नी खुशबू गर्भवती है। चार भाइयों में दूसरे नंबर पर रहे रविकांत की मौत से परिवार का सहारा छिन गया है। पुलिस ने मामले की तह तक पहुंचने के लिए तीन जांच टीमें बनाई हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी देखी जा रही है। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।

