तुलसी घाट पर साकार हुई कालिया नाग मर्दन की लीला, कदंब की डाल से गंगा में कूदे बाल स्वरूप श्रीकृष्ण

काशी की पांच शताब्दियों से अधिक पुरानी धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा नाग नथैया लीला शुक्रवार को तुलसी घाट पर श्रद्धा और भक्ति के साथ आयोजित हुई। इस दौरान गंगा की धारा में भगवान श्रीकृष्ण की कालिया नाग मर्दन लीला का अद्भुत दृश्य साकार हुआ। ऐतिहासिक लीला का साक्षी बनने के लिए काशीवासियों के साथ देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।

लीला के दौरान तुलसी घाट पर कदंब के वृक्ष से बाल स्वरूप श्रीकृष्ण ने गंगा रूपी यमुना में छलांग लगाई। इसके बाद विशाल कालिया नाग के फन पर विराजमान होकर बांसुरी बजाते हुए भक्तों को दर्शन दिए। भगवान श्रीकृष्ण के इस मनोहारी स्वरूप को देखकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे और पूरा घाट जयकारों से गूंज उठा। गंगा की लहरों के बीच प्रस्तुत इस लीला ने द्वापर युग के प्रसंग को जीवंत कर दिया।

करीब 500 वर्ष पुरानी इस परंपरा का शुभारंभ संत गोस्वामी तुलसीदास ने किया था। नाग नथैया काशी के प्रसिद्ध लक्खा मेलों में शुमार है। इसकी विशेषता है कि भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का मंचन किसी रंगमंच पर नहीं, बल्कि गंगा की जलधारा में किया जाता है। लीला के दौरान निषाद समाज के मल्लाहों और गोताखोरों ने कालिया नाग के विशाल स्वरूप को संभालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं, काशी नरेश की शाही उपस्थिति और उनका बजड़ा भी आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहा। तुलसी घाट की सीढ़ियों, आसपास के भवनों और गंगा में खड़ी नावों से श्रद्धालुओं ने इस अद्भुत लीला के दर्शन किए।संकट मोचन मंदिर के महंत प्रो. विश्वंभर नाथ मिश्र के मार्गदर्शन में आयोजित इस लीला ने एक बार फिर काशी की समृद्ध धार्मिक विरासत और सदियों पुरानी सांस्कृतिक परंपरा की भव्यता को जीवंत कर दिया।



Post a Comment

Previous Post Next Post