देव दीपावली पर काशी में पर्यटकों की बढ़ती भीड़ के बीच होटल और गेस्ट हाउस के किराये में भारी उछाल देखने को मिल रहा है। घाटों पर उमड़ने वाली पर्यटकों की भीड़ को देखते हुए होटल संचालकों ने कमरों का किराया सामान्य दिनों की तुलना में पांच से दस गुना तक बढ़ा दिया है। बड़े स्टार होटलों में एक कमरे का किराया एक लाख रुपये तक पहुंच गया है, जबकि सामान्य स्टार होटलों में कमरे 45 से 50 हजार रुपये में मिल रहे हैं। पर्यटकों की बढ़ती मांग के चलते शहर के कई प्रमुख होटलों में कमरे मिलना भी मुश्किल हो गया है।
गंगा किनारे स्थित होटल, गेस्ट हाउस, पेइंग गेस्ट हाउस, बेड एंड ब्रेकफास्ट और होमस्टे संचालकों ने भी कमरों के रेट बढ़ा दिए हैं। हालात यह हैं कि कई पर्यटक पहले से बुकिंग कराने के बावजूद कमरों की उपलब्धता को लेकर परेशान हैं। ट्रैवल्स संचालकों के मुताबिक, छह महीने पहले ही कई पर्यटकों ने कमरे बुक करा लिए थे। वहीं, होटल मालिकों की ओर से मनमाने किराये वसूले जाने के आरोपों के बीच जिला प्रशासन और पर्यटन विभाग की चुप्पी पर भी सवाल उठ रहे हैं।

