काशी में आज जीवंत होगी द्वापर युग की लीला, 500 साल पुरानी नागनथैया लीला देखने उमड़ेंगे श्रद्धालु

वाराणसी के तुलसी घाट पर आज शाम करीब 500 वर्ष पुरानी विश्वप्रसिद्ध नागनथैया लीला का भव्य आयोजन होगा। इस दौरान गंगा की लहरों के बीच द्वापर युग का दृश्य जीवंत होगा। बाल स्वरूप में भगवान श्रीकृष्ण कदंब की डाल से गंगा में छलांग लगाएंगे और कालिया नाग के फन पर बांसुरी बजाते हुए श्रद्धालुओं को दर्शन देंगे। काशी के प्रसिद्ध लक्खा मेलों में शामिल इस लीला को देखने के लिए देश-विदेश से श्रद्धालुओं, पर्यटकों और शोधार्थियों के पहुंचने की संभावना है। आयोजन को लेकर तुलसी घाट पर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

लीला के दौरान बाल कृष्ण अपने सखाओं के साथ कंदुक क्रीड़ा करेंगे। इसी बीच गेंद गंगा में गिर जाएगी, जिसे निकालने के लिए कन्हैया कदंब की डाल से नदी में छलांग लगाएंगे। कुछ देर बाद कालिया नाग के विशाल फन पर बांसुरी बजाते हुए उनका मनोहारी स्वरूप प्रकट होगा। इस दृश्य के साथ पूरा घाट जयकारों से गूंज उठेगा। लीला में निषाद समाज और स्थानीय मल्लाहों की अहम भूमिका रहती है। गोताखोर गंगा की तेज धारा में सैकड़ों फीट लंबी और भारी लकड़ी से बनी कालिया नाग की प्रतिमा को अपने कंधों और हाथों के सहारे संभालते हैं। इसके बाद कन्हैया का स्वरूप नाग के फन पर प्रकट होता है। काशीराज परिवार की ओर से शाही बजड़े पर सवार होकर भगवान को विशेष नजराना अर्पित किया जाएगा, जबकि संकटमोचन मंदिर के महंत उनकी महाआरती उतारेंगे।

संकटमोचन मंदिर के महंत प्रो. विश्वंभर नाथ मिश्र के अनुसार, इस परंपरा की शुरुआत 16वीं शताब्दी में गोस्वामी तुलसीदास ने की थी। करीब पांच शताब्दियों से घाट स्थित अखाड़ा गोस्वामी तुलसीदास के तत्वावधान में इस लीला का आयोजन मूल सात्विकता और शास्त्रीय मर्यादा के साथ किया जा रहा है। इसमें श्रीकृष्ण की भूमिका निभाने वाले बालक का चयन स्थानीय ब्राह्मण परिवारों से किया जाता है। आठ से 12 वर्ष के बालक को अभिनय, पारंपरिक मुद्राओं, मंत्रोच्चार और तैराकी का विशेष प्रशिक्षण दिया जाता है। साथ ही पानी में संतुलन बनाने और ऊंचाई से गंगा में छलांग लगाने का अभ्यास भी कराया जाता है।

Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post