BHU से सात समंदर पार पहुंचेगी सनातन संस्कृति, विदेशी विद्यार्थियों को सिखाए जाएंगे 16 संस्कार

काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) अब भारतीय सनातन संस्कृति और धार्मिक परंपराओं को सात समंदर पार तक पहुंचाने की तैयारी कर रहा है। इसके लिए विश्वविद्यालय के भारत अध्ययन केंद्र ने अपने पुरोहित प्रशिक्षण कार्यक्रम का विस्तार करने की योजना बनाई है। अब विदेशी विद्यार्थियों को यज्ञ और हवन के साथ सत्यनारायण कथा, तीज व्रत और सत्यवान-सावित्री व्रत कथा कराने का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। इसका उद्देश्य मारीशस, गयाना, सूरीनाम और फिजी जैसे देशों में रहने वाले भारतीय मूल के लोगों के लिए प्रशिक्षित पुरोहित तैयार करना है।

बीएचयू के भारत अध्ययन केंद्र के समन्वयक प्रो. शरदेंदु त्रिपाठी के मुताबिक, अभी तक प्रशिक्षण कार्यक्रम में चंडी महायज्ञ, विष्णु महायज्ञ सहित विभिन्न यज्ञों के विधान, पूजन पद्धति और कर्मकांडों की जानकारी दी जाती थी। अब इसमें विवाह, जनेऊ और मुंडन समेत सोलह संस्कारों से जुड़े अनुष्ठानों को भी शामिल किया जा रहा है। विद्यार्थियों को इन संस्कारों में इस्तेमाल होने वाले मंत्रों, पूजा विधियों और धार्मिक परंपराओं का विधिवत प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि वे विदेशों में भी इन आयोजनों को पूरी धार्मिक प्रक्रिया के साथ संपन्न करा सकें।

इस पहल के जरिए बीएचयू से प्रशिक्षित विद्यार्थी विदेशों में भारतीय संस्कृति के दूत बनेंगे। मारीशस, गयाना, सूरीनाम और फिजी जैसे देशों में रहने वाले भारतीय मूल के परिवारों को धार्मिक अनुष्ठानों के लिए प्रशिक्षित पुरोहित मिल सकेंगे। साथ ही वहां की नई पीढ़ी भी सत्यनारायण कथा, व्रत-त्योहारों और सोलह संस्कारों के माध्यम से अपनी सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत से जुड़ सकेगी। काशी में सीखी गई सनातन परंपराओं को अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहुंचाने की तैयारी है।


Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post