वाराणसी में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के समर्थन में लगाया गया एक पोस्टर चर्चा का विषय बना हुआ है। वरुणा क्षेत्र में लगाए गए इस पोस्टर में भगवान श्रीराम को अखिलेश यादव के कंधे पर हाथ रखे दिखाया गया है। वहीं, पोस्टर के दूसरे दृश्य में भगवान श्रीराम माता शबरी को बेर खिलाते नजर आ रहे हैं। पोस्टर पर लिखा है, 'श्री काशी विश्वनाथ की नगरी से हुंकार, प्रभु श्रीराम के आशीर्वाद से बनेगी समाजवादी सरकार।' समाजवादी अधिवक्ता सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. आलोक सौरभ ने यह पोस्टर लगवाया है और इसका वीडियो भी जारी किया है।
डॉ. आलोक सौरभ ने कहा कि काशी भगवान विश्वनाथ की धरती है और प्रभु श्रीराम का आशीर्वाद सभी पर है। पोस्टर में माता शबरी और भगवान श्रीराम के प्रसंग को शामिल करने का उद्देश्य प्रेम, सामाजिक सद्भाव और समानता का संदेश देना है। उन्होंने कहा कि रामायण का यह प्रसंग समाज को आपसी प्रेम और भेदभाव से ऊपर उठकर सभी को सम्मान देने की सीख देता है। सपा नेता ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भगवान श्रीराम किसी एक दल या वर्ग के नहीं, बल्कि सभी के आराध्य हैं। समाजवादी विचारधारा भी समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को सम्मान और अधिकार दिलाने में विश्वास रखती है।
दरअसल, अखिलेश यादव के 12 दिसंबर को अयोध्या जाने के ऐलान के बाद प्रदेश में सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। पूर्व मंत्री और सपा नेता पवन पांडेय ने बताया था कि अखिलेश यादव अयोध्या पहुंचकर रामलला के दर्शन करेंगे। इससे पहले वह हनुमानगढ़ी में भी दर्शन करेंगे। इस घोषणा के बाद भाजपा समेत कई दलों के नेताओं ने उनके अयोध्या दौरे को लेकर सवाल उठाए थे। वहीं, अखिलेश यादव पहले इटावा में केदारेश्वर मंदिर का निर्माण पूरा होने के बाद रामलला के दर्शन करने की बात कह चुके हैं।

