छठ पूजा की तैयारियों का नगर आयुक्त ने लिया जायजा,84 घाटों पर दुरुस्त होंगी व्यवस्थाएं,100 से अधिक चेंजिंग रूम बनेंगे

वाराणसी में चार दिवसीय छठ महापर्व को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। नहाय-खाय के साथ शुक्रवार से छठ पर्व की शुरुआत हो रही है। इसे देखते हुए गंगा किनारे करीब 8 किलोमीटर के दायरे में फैले 84 घाटों पर नगर निगम की ओर से व्यवस्थाएं दुरुस्त की जा रही हैं। इसी क्रम में गुरुवार को नगर आयुक्त ने विभिन्न घाटों का निरीक्षण कर सफाई, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। घाटों पर जमा सिल्ट और कूड़ा हटाने के साथ ही सफाईकर्मियों की तैनाती की गई है।

नगर निगम के पीआरओ संदीप श्रीवास्तव ने बताया कि सभी घाटों पर बैरिकेडिंग कराई जा रही है। जिन घाटों पर पानी की गहराई अधिक है या जहां हादसे की आशंका है, वहां चेतावनी बोर्ड लगाए जा रहे हैं। महिलाओं की सुविधा के लिए घाटों पर 100 से अधिक चेंजिंग रूम बनाए जा रहे हैं। इसके अलावा पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था की जा रही है। घाटों पर कहीं सिल्ट या गीलापन मिलने पर बालू से भरी बोरियां रखवाई जा रही हैं, ताकि श्रद्धालुओं को आने-जाने में परेशानी न हो। सफाईकर्मियों की मदद से दिन में कई बार कूड़ा उठाने की व्यवस्था भी की गई है।

पीआरओ ने बताया कि महापौर और नगर आयुक्त लगातार घाटों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि छठ पूजा के लिए कोई भी घाट बंद नहीं किया गया है। तुलसी घाट और ललिता घाट जैसे स्थानों पर गंगा की गहराई अधिक होने के कारण विशेष सतर्कता बरती जा रही है। ऐसे घाटों पर गहरे पानी को लेकर साइनेज बोर्ड लगाए जाएंगे और पानी के अंदर भी बैरिकेडिंग की जाएगी, ताकि श्रद्धालु निर्धारित सीमा से आगे न जाएं। नगर निगम का प्रयास है कि छठ पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को घाटों पर साफ-सफाई, रोशनी और सुरक्षा से जुड़ी सभी सुविधाएं मिल सकें।

Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post