वाराणसी नगर निगम, BHU और स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

वाराणसी में दिवाली से पहले बम धमाकों की धमकी मिलने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। बुधवार को कथित तौर पर खालिस्तान नेशनल आर्मी के नाम से नगर निगम के आधिकारिक ईमेल पर धमकी भरा संदेश भेजा गया। इसमें BHU, केंद्रीय विद्यालय, सेंट्रल हिंदू स्कूल (CHS) और नगर निगम कार्यालय को निशाना बनाने की चेतावनी दी गई है। ईमेल में 8 नवंबर को स्कूलों और मंदिरों में धमाके करने के साथ 27 नवंबर तक वाराणसी, मथुरा और अयोध्या में सिलसिलेवार विस्फोट करने का दावा किया गया है।

धमकी सामने आने के बाद पुलिस कमिश्नरेट और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों ने जांच तेज कर दी है। BHU के चीफ प्रॉक्टर प्रो. संदीप पोखरियाल केंद्रीय विद्यालय पहुंचे और प्रधानाचार्य से बातचीत कर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने पुलिस अधिकारियों से संपर्क कर सुरक्षा इंतजामों को लेकर चर्चा की। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने बताया कि ईमेल की जांच केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियां कर रही हैं। नगर निगम, BHU, प्रमुख स्कूलों और मंदिरों की सुरक्षा बढ़ाने के साथ सभी थाना प्रभारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। संदिग्ध लोगों और लावारिस वस्तुओं की जांच के लिए शहर में चेकिंग अभियान भी तेज कर दिया गया है।

वाराणसी में पहले भी कई बार बम धमाके हो चुके हैं। 7 मार्च 2006 को संकटमोचन मंदिर और कैंट रेलवे स्टेशन पर सिलसिलेवार विस्फोट हुए थे। 23 नवंबर 2007 को कचहरी परिसर में धमाके हुए, जबकि 7 दिसंबर 2010 को शीतला घाट पर बम विस्फोट हुआ था। इससे पहले 13 फरवरी 2026 को जिला जज की आधिकारिक ईमेल आईडी पर कचहरी को उड़ाने की धमकी मिली थी। उस समय पुलिस, बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वायड ने परिसर की जांच की थी। पुराने आतंकी हमलों को देखते हुए इस बार धमकी को गंभीरता से लिया जा रहा है और प्रमुख धार्मिक स्थलों व भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई गई है।

Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post