निलंबन के तीन दिन बाद दरोगा ने फंदे से लटककर दी जान, पिता ने बताया- कार्रवाई के बाद से थे परेशान

अलीगढ़ में 27 वर्षीय निलंबित दरोगा सुंदरम तिवारी ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। तीन दिन पहले शराब के नशे में झूमने का वीडियो वायरल होने के बाद एसएसपी नीरज जादौन ने उन्हें निलंबित कर दिया था। परिजनों के मुताबिक, निलंबन की कार्रवाई के बाद से ही सुंदरम मानसिक रूप से परेशान थे। घटना बन्नादेवी थाना क्षेत्र की है।

जानकारी के अनुसार, सुंदरम तिवारी बुधवार सुबह अपने पिता श्रीचंद्र तिवारी के साथ घर पर थे। सुबह करीब आठ बजे पिता नाश्ता लेने के लिए बाहर गए थे। वापस लौटे तो कमरे में सुंदरम का शव फंदे से लटका मिला। कमरे का दरवाजा खुला हुआ था। बेटे का शव देखकर पिता बदहवास हो गए। उन्होंने बताया कि सुबह बेटे से बातचीत हुई थी और वह सामान्य लग रहे थे। इसके बाद उन्होंने कई बार फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।

सुंदरम मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के परौरा गांव के रहने वाले थे। करीब तीन साल पहले पुलिस विभाग में दरोगा बने थे। उनकी तैनाती अलीगढ़ में थी और वह अपने पिता के साथ रह रहे थे। उनकी अभी शादी नहीं हुई थी। परिवार के मुताबिक, शादी के लिए दो-तीन जगह बातचीत भी चल रही थी, लेकिन रिश्ता तय नहीं हो सका था।


छह दिन पहले लिया था किराये पर कमरा

पिता के मुताबिक, सुंदरम ने छह दिन पहले ही डोरीलाल शर्मा के मकान में किराये पर कमरा लिया था। तीन दिन पहले उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें उन्हें दीवानी परिसर के बाहर कथित तौर पर शराब के नशे में झूमते देखा गया था। इसके बाद एसएसपी ने उन्हें निलंबित कर दिया था। पिता का कहना है कि कार्रवाई के बाद से वह रोज पुलिस लाइन जा रहे थे।


नशे की शिकायत पर दो बार हटाई गई थी तैनाती

पुलिस के अनुसार, प्रशिक्षण पूरा करने के बाद सुंदरम की पहली तैनाती खैर थाने की बरका चौकी पर हुई थी। इस दौरान उनके नशे में रहने की शिकायतें अधिकारियों तक पहुंचीं, जिसके बाद उन्हें बरला थाने की बरला चौकी भेज दिया गया। वहां से भी इसी तरह की शिकायतें मिलने पर कुछ महीने पहले उन्हें पुलिस लाइन स्थानांतरित कर दिया गया था।


मकान मालकिन ने भी की थी शिकायत

मकान मालकिन के मुताबिक, सुंदरम के अक्सर शराब के नशे में आने की बात सामने आती थी। उन्होंने कमरे का किराया भी नहीं दिया था। उनकी आदतों को देखते हुए कमरा खाली कराने को लेकर भी बातचीत शुरू हो गई थी।

Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post