लंका थाना के समीप कई माह से सीवर का पानी ओवरफ्लो कर गया है। जिससे आने जाने वाले राहगीरों स्थानीय लोगों को इसके दुर्गंध से दो चार होना पड़ रहा है। इस सीवर के पानी से दुर्गंध इतनी आ रही है कि लोग अपने मुंह पर और नाक पर रुमाल रखकर आने जाने को मजबूर हो रहे हैं। स्थानीय लोगों ने कई बार इस समस्या के समाधान के लिए शिकायत दर्ज कराया परंतु 3 माह बीतने के बाद भी इस समस्या का कोई भी समाधान नहीं हो सका। जिसको लेकर स्थानीय लोगों में रोष व्याप्त है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ काशी को साफ और स्वच्छ रखने के लिए अभियान चला रहे हैं परंतु नगर निगम साफ-सफाई को लेकर अपनी आंखें मूंदे हुए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि समस्या के समाधान का सिर्फ आश्वासन दिया जा रहा है धरातल पर कोई भी कार्य नहीं किया जा रहा है। समस्या के समाधान के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति हो रहा है। स्थानीय लोगों ने समस्या को लेकर नगर निगम में शिकायत किया तो सफाई के नाम पर 2 लोग पहुंचे और केवल खानापूर्ति करने का कार्य किया परंतु समस्या का समाधान नहीं निकला। स्थानीय लोगों ने इस समस्या को लेकर अपनी नाराजगी भी व्यक्त किया।
