आम आदमी पार्टी वाराणसी की ओर से कैंट थाना अंतर्गत कचहरी स्थित सर्किट हाउस के सामने जिला मुख्यालय पर जिलाध्यक्ष ई रमाशंकर सिंह पटेल के नेतृत्व में प्रदेश में बिजली की अघोषित कटौती को लेकर जोरदार धरना प्रदर्शन किया गया और एक पत्रक उत्तर प्रदेश शासन को जिलाधिकारी के नाम से दिया गया।इस अवसर पर आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष ई रमाशंकर सिंह पटेल ने कहा कि वाराणसी समेत पूरे प्रदेश में दिन रात भीषण बिजली कटौती हो रही है और बिजली कटौती से चारों ओर त्राहिमाम मचा हुआ है।
वही पूरे प्रदेश के लोग बिजली कटौती का संकट झेल रहे हैं और भीषण गर्मी की वजह से बीमार होकर अस्पतालों में लोग भर्ती हो रहे हैं।जिससे तमाम लोगों की मौतें हो रही हैं।अकेले पूर्वांचल में सैकड़ों लोगों की मौतें हो चुकी हैं। वही तमाम अस्पतालों में भी भर्ती हुए मरीज गर्मी से बेहाल होकर भाग रहे हैं और गर्मी के कारण तमाम बीमारियों का शिकार हो रहे हैं।ये बेहद दुर्भाग्य है कि 21वी सदी में लोगों को बिजली जैसी मूलभूत आवश्यकता की पूर्ति नहीं हो रही है। योगी सरकार में बिजली आपूर्ति न होने की वजह से गर्मी के कारण लोगों की मौत हुई है ये मौत नहीं हत्या है और लोगों की मौतों पर भाजपा के मंत्री असंवेदनहीन बयान दे रहे हैं ये दुःखद है।
