अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर स्वामी हरसेवानन्द पब्लिक स्कूल बनपुरवां के प्रांगण में विद्यालय समूह के विद्यार्थी, शिक्षक व शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के संग योग शिविर का आयोजन हुआ। ऊषाकाल की रमणीय बेला में सभी विद्यार्थी, शिक्षक के साथ बड़े स्तर पर योगाभ्यास प्रारम्भ हुआ योगाचार्य की भूमिका निभा रहे शारीरिक शिक्षा के शिक्षक गोरखनाथ ने योग के सभी आसन तथा प्राणायाम के तहत कपालभाति, भ्रामरी, अनुलोम-विलोम आदि के विषय में लाभ व सावधानियों को विस्तार से बताकर अभ्यास कराया।
विद्यालय के प्रबन्धक बाबा प्रकाशध्यानानन्द ने इस स्वर्णिम बेला में उपस्थित होकर योग शिविर को सफल बनाने में सहयोग किया और कहा कि आज के बदलते परिवेश में प्रत्येक व्यक्ति की दिनचर्या, जीवन-शैली में अपार बदलाव हो रहे हैं। योग जीवन जीने की एक कला एवं विज्ञान दोनों है, साथ ही साथ यह आत्म-ज्ञान का सशक्त माध्यम है। योग का शाब्दिक अर्थ एकीकरणं है, जिसके अन्तर्गत हम अपने शरीर, मन, मस्तिष्क एवं आत्मा में योग के माध्यम से संतुलन स्थापित करने एवं उसे बनाये रखने का प्रयास करते हैं।योग शिविर में प्रधानाचार्य गढ़वाघाट सी०एस० सिंह, प्रधानाचार्य बनपुरवा डॉ. ए०के० चौबे, प्रधानाचार्या जगतगंज रचना अग्रवाल, प्रधानाचार्य चुर्क ए०के० वर्मा, छात्रावास अधीक्षक लेफ्टिनेंट एम०एस० यादव (रि०) सहित समस्त शिक्षक व विद्यार्थी उपस्थित रहे।
