दुष्कर्म आरोपी पूर्व ब्लॉक प्रमुख राजीव किरण पर पुलिस ने घोषित किया इनाम

चेतगंज थाना क्षेत्र के नाटी इमली निवासी महिला से दुष्कर्म के आरोपी देवकली (गाजीपुर) के पूर्व ब्लॉक प्रमुख राजीव किरण पर पुलिस शिकंजा कस रही है। मुकदमा दर्ज होने के बाद से फरार पूर्व प्रमुख की तलाश में छापेमारी के बाद पुलिस ने 20 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है। डीसीपी गोमती जोन मनीष शांडिल्य के आदेश पर आरोपी को इनामिया घोषित किया गया। चेतगंज थाना क्षेत्र के नाटीइमली की एक महिला ने पुलिस आयुक्त को प्रार्थना पत्र दिया था। पीड़िता के अनुसार, 16 दिसंबर 2023 को एक जन्मदिन की पार्टी में उसकी मुलाकात हरहुआ स्थित अवध पैराडाइज अपार्टमेंट में रहने वाले राजीव किरन से हुई थी। इसके बाद राजीव किरन उन्हें मैसेज भेजने लगा और उनका पीछा करने लगा।

21 दिसंबर, 2023 को राजीव किरन एक बार फिर उनका पीछा किया और शिवपुर तक आया। शिवपुर में उसने अपना फ्लैट दिखाने और भाजपा के आगामी कार्यक्रमों के संबंध में चर्चा करने के लिए कहा। फ्लैट में जाने पर राजीव किरन ने उन्हें जबरन शराब पिलाई और फिर दुष्कर्म किया। होश में आने पर उन्होंने राजीव किरन की करतूत पर नाराजगी जताई तो उसने परिणाम भुगतने की धमकी दी। युवती की शिकायत पर पुलिस आयुक्त के आदेश पर बड़ागांव पुलिस ने तीन मार्च को मुकदमा दर्ज किया था। इसके बाद से आरोपी हरहुआ स्थित फ्लैट छोड़कर भाग गया। पुलिस देवकली स्थित उसके पैतृक घर पर भी गई थी लेकिन वह नहीं मिला। यह भी चर्चा है कि रसूखदार लोगों के कारण वह बच रहा है, वह भाजपा के एक विधायक का करीबी भी है।

सैदपुर से बसपा की टिकट पर लड़ा था विस चुनाव

देवकली के पूर्व ब्लॉक प्रमुख और भाजपा नेता राजीव किरन सैदपुर थाना क्षेत्र के देवकली डंडापुर गांव का मूल निवासी है। वह 2012 में देवकली विकास खंड का ब्लॉक प्रमुख रहा है। लेकिन अगस्त 2012 में राजीव किरन के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाकर उसे पद से हटा दिया गया था। राजीव किरण बसपा के टिकट पर सैदपुर विधानसभा से चुनाव भी लड़ चुका है। 2017 में उसने बसपा के सिंबल पर चुनाव लड़ा था और हार गया। बीते दिनों उसने भाजपा का दामन थाम लिया और अजगरा विधानसभा से भाजपा से टिकट लेने की जुगत में जुट गया। उसे वाराणसी के विधायक का करीबी भी माना जाता है।

Post a Comment

Previous Post Next Post