नवरात्रि के आज चौथे दिन रविवार को देवी कूष्मांडा के दरबार में भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। भक्त भोर से ही माता के दर्शन के लिए लाइन में लग गए। लोगों ने दुर्गाकुंड स्थित प्रसिद्ध दुर्गा मंदिर में विधिविधान से दर्शन-पूजन कर मां का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान मंदिर व पुलिस प्रशासन अलर्ट रहा। श्रद्धालुओं की भीड़ को देहै हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
मंदिर के पुजारी सोनू ने बताया कि आज चौथे दिन माता का स्वर्ण श्रृंगार हुआ है। मां कूष्मांडा का रोज अलग-अलग चीजों से श्रृंगार होता है। वहीं उन्होंने बताया कि यहां हर व्यक्ति अपनी पत्नी, मां और बच्चों को लेकर आता है।
माता के दरबार में सुबह से ही भक्तों का जनसैलाब उमड़ पड़ा है। भक्त माता के दर्शन के लिए कतार बद्ध होकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। यहां पर भक्तों को सुलभ दर्शन हो सके इसके लिए पूरी व्यवस्था की गई है।
काशी खंड में मंदिर का उल्लेख
दुर्गाकुंड स्थित दुर्गा मंदिर काशी के प्राचीन मंदिरों में शामिल है। इसका उल्लेख काशी खंड में भी आता है। नवरात्रि में नौ दिनों तक सारे देवों की शक्तियां विचरण करती रहती हैं। हर व्यक्ति अपनी पत्नी, मां और बच्चों को लेकर आता है। यहां पर संतानोपत्ति का भी आशीर्वाद मिलता है।
देवी की पूजा सामग्री
माता की पूजा के लिए भक्त लाल चुनरी, लाल वस्त्र, मौली, श्रृंगार का सामान (यथा सामर्थ्य), दीपक, घी या तेल, धूप, नारियल, अक्षत, कुमकुम, पुष्प (लाल फूल, विशेष गुड़हल), देवी की प्रतिमा या फोटो, पान, सुपारी, लौंग, इलायची, मिश्री, कपूर, फल और मिठाई, कलावा लेकर आते हैं।