बरेका में 54वें राष्ट्रीय संरक्षा सप्ताह के अवसर पर एक जागरूकता रैली का आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य रेल कर्मचारियों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और सुरक्षित कार्य प्रणाली को प्रोत्साहित करना है। इस रैली में "सुरक्षा और स्वास्थ्य–विकसित भारत के लिए अत्यावश्यक" थीम पर जोर दिया गया।
इस आयोजन में विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए, साथ ही भारत स्काउट एवं गाइड, सेंट जॉन्स एंबुलेंस ब्रिगेड, सिविल डिफेंस, बरेका रेल सुरक्षा बल एवं संरक्षा अधिकारियों ने भी भाग लिया।
इसके अलावा, लोको डिवीजन में संरक्षा को बढ़ावा देने के लिए फायर फाइटिंग एवं व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरणों के प्रशिक्षण के साथ नुक्कड़ नाटक का मंचन किया गया। बरेका परिवार के बच्चों में सुरक्षा जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य रेल कर्मचारियों को कार्यस्थल पर सुरक्षा के महत्व को समझाना और उन्हें सुरक्षा नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करना है। पूरे सप्ताह विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से कर्मचारियों को सुरक्षा संबंधी जानकारी दी जाएगी, जिससे कार्यस्थल पर सतर्कता और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा सके।