14 मई दिन बुधवार को काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के सम्बोधि सभागार में आद्य पत्रकार देवर्षि नारद जयन्ती का आयोजन किया जाना सुनिश्चित हुआ है। यह जानकारी देते हुए देवर्षि नारद जयन्ती 2025 की कार्यक्रम संयोजक डॉ० कुमकुम पाठक ने बताया कि विश्व संवाद केन्द्र, काशी प्रत्येक वर्ष ज्येष्ठ माह के कृष्ण पक्ष की द्वितीया को पौराणिक मान्यताओं के अनुसार आयोजन करता है।
उत्तर वैदिक काल यथा रामायण, महाभारत और पुराणों में देवर्षि नारद एक उत्कृष्ट वक्ता, दूरदर्शी विचारक, श्रेष्ठ मध्यस्थ, तत्वज्ञानी महर्षि, श्रेष्ठ संगीतज्ञ और प्रवासी ऋषि के रूप में दिखाई देते हैं। उनके इन्हीं सब गुणों के कारण उन्हें देवर्षि की संज्ञा प्रदान की गयी है। लोककल्याण की दृष्टि से नारद जी सदैव महत्वपूर्ण विषयों को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाते रहे हैं। समारोह के सह संयोजक डॉ० अजय परमार ने बताया कि इन सभी तथ्यों और गुणों को पुनः समाज, मीडियाकर्मी और नई पीढ़ी को हस्तांतरित करने के लिए ही यह समारोह प्रत्येक वर्ष मनाया जाता है। इस दिन काशी प्रान्त के 7 पत्रकार बन्धुओं को सम्मानित भी किया जाएगा।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ पत्रकार एवं सम्पादक हितेश शंकर उपस्थित होंगे।