रेल मंत्रालय के तत्वावधान में नई दिल्ली में आयोजित समारोह में रेलवे/उत्पादन इकाई/संस्था/उपक्रम से संबंधित अधिकारियों को आधार वर्ष 2023 में राजभाषा कार्यान्वयन के क्षेत्र मे किए गए उत्कृष्ट एवं सराहनीय योगदान के लिए नई दिल्ली स्थित रेल भवन के सम्मेलन कक्ष में रेलवे बोर्ड सदस्य परिचालन एवं व्यावसायिक विकास श्री हितेंद्र मल्होत्रा की अध्यक्षता में कमलापति त्रिपाठी राजभाषा स्वर्ण पदक एवं रेलमंत्री राजभाषा रजत पदक पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया।
इस समारोह में बरेका के प्रमुख मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. देवेश कुमार को आधार वर्ष 2023 के दौरान भारत सरकार की राजभाषा नीति के प्रचार-प्रसार में सराहनीय भूमिका निभाने एवं अपना अधिकांश कार्य हिंदी में संपादित करने तथा अपने अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी सरकारी कामकाज संघ की राजभाषा हिंदी में करने के लिए प्रोत्साहित करने एवं भारतीय संविधान में निर्धारित राजभाषा कार्यान्वयन के महत्वपूर्ण दायित्व का निर्वाह करने के उपलक्ष्य मे रेलवे बोर्ड सदस्य परिचालन एवं व्यावसायिक विकास हितेंद्र मल्होत्रा ने रेलमंत्री राजभाषा रजत पदक एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस सम्मान से समस्त बरेका परिवार अभिभूत है।