मथुरा में आज़ादी के अमृत महोत्सव और हर घर तिरंगा अभियान के तहत सुरीर कलां और टेंटीगांव में गुरुवार को भव्य तिरंगा यात्राएं निकाली गईं। इस आयोजन में राष्ट्रीय इंटर कॉलेज सुरीर कलां और टेंटीगांव ब्रिज स्थली एकेडमी के करीब 1,800 छात्र-छात्राएं, एनसीसी कैडेट्स और शिक्षक शामिल हुए।सुरीर कलां के राष्ट्रीय इंटर कॉलेज से शुरू हुई तिरंगा यात्रा कस्बे के मुख्य मार्गों से गुजरते हुए देशभक्ति के नारों और झांकियों के साथ आगे बढ़ी। वहीं, टेंटीगांव ब्रिज स्थली एकेडमी से निकली यात्रा बस स्टैंड और कस्बे से होकर स्कूल में समाप्त हुई।
कक्षा 1 से 12 तक के छात्रों ने हाथों में तिरंगा थामे “वंदे मातरम्”, “भारत माता की जय” और “जय हिंद” के गगनभेदी नारे लगाए। पूरे मार्ग पर देशभक्ति गीत गूंजते रहे और आकर्षक झांकियों ने लोगों को भावुक कर दिया।सुरीर कलां में प्रधानाचार्य डॉ. शिवाजी सिंह समेत स्कूल स्टाफ ने छात्रों का उत्साह बढ़ाया, जबकि टेंटीगांव में डायरेक्टर डॉ. कुलदीप लवानिया और शिक्षकों ने यात्रा का नेतृत्व किया।यह आयोजन न केवल तिरंगे के सम्मान का प्रतीक बना, बल्कि बच्चों में देश के प्रति गर्व और जिम्मेदारी की भावना को और मजबूत कर गया।
