मुंबई में बारिश का कहर निचले इलाके जलमग्न, ऑरेंज और रेड अलर्ट जारी यातायात प्रभावित, नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह

मुंबई में मौसम ने एक बार फिर रौद्र रूप दिखाया है। भारतीय मौसम विभाग IMD ने 18 से 19 अगस्त तक के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जिसमें भारी से बहुत भारी बारिश और आंधी-तूफान की चेतावनी दी गई है। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। विशेष रूप से ठाणे और पालघर जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि रत्नागिरी में रेड अलर्ट है और बेहद भारी बारिश की संभावना जताई गई है। 

बारिश के चलते मुंबई की सड़कों पर पानी भर गया है, जिससे निचले इलाकों में जलभराव हुआ है। इसका असर यातायात व्यवस्था पर भी पड़ा है। दादर रेलवे स्टेशन की पटरियों पर पानी भरने से लोकल ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित हुई, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सबसे अधिक प्रभावित इलाके नालासोपारा और वसई-विरार के निचले हिस्से हैं। इसके अलावा स्टेशन रोड, तुलिंज रोड, सेंट्रल पार्क, नगीनदास पाड़ा, अचोले रोड, गाला नगर, संकेश्वर नगर, नालासोपारा बस डिपो, विवा कॉलेज और वसई एवरशाइन रोड में पानी जमा होने की खबर है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 48 घंटे तक बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। इस दौरान शहर का न्यूनतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 27.5 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। प्रशासन और नागरिकों से अपील की गई है कि वे सतर्क रहें और सुरक्षित स्थानों पर रहें।

Post a Comment

Previous Post Next Post