मछोदरी स्थित श्री स्वामीनारायण मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व भव्य उत्साह और भक्ति भाव से मनाया गया। पूरा मंदिर प्रांगण “देवकी को ललना हुआ है, नाचे है पूरा गोकुल” जैसे पारंपरिक सोहर गीतों से गूंजता रहा। पीले और आसमानी रंग के गुब्बारों, फूलों, ऋतुफलों और अशोक व कामिनी की पत्तियों से सजे प्रांगण में जन्मोत्सव का उल्लास हर ओर छाया रहा। रात्रि 12 बजे महंत स्वामी प्रेम स्वरूप दास के दिशा-निर्देशन में लड्डू गोपाल के विग्रह का जन्म विधान सम्पन्न हुआ। इसके बाद प्रभु को पंचामृत स्नान कराया गया और नूतन वस्त्राभूषण पहनाकर आकर्षक श्रृंगार किया गया।
प्रभु को माखन-मिश्री और पंजीरी का भोग लगाकर आरती उतारी गई। तत्पश्चात रजत हिडोले पर विराजमान कर लड्डू गोपाल को श्रद्धालुओं ने प्रेमपूर्वक झुलाया और बधाई गीत गाए।आयोजन में प्रसाद स्वरूप माखन-मिश्री भक्तों को वितरित की गई। इस अवसर पर पुजारी घनश्याम मेहता, पुजारी नवीन, परेश भगत, भावेश भगत, दिनेश पाटीदार सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। भक्तों में भावना भगत, जागृति पाटीदार, बासु भगत आदि ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।
