प्रयागराज के फूलपुर थाना क्षेत्र के वीरकाजी गांव में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। ट्रांसपोर्टर की पत्नी ने अपने से 20 साल छोटे प्रेमी के साथ मिलकर घर में ही नकली डकैती की कहानी गढ़ डाली। पुलिस की जांच में पूरा मामला खुल गया और दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।पुलिस के मुताबिक, मोहम्मद शाहिद नामक ट्रांसपोर्टर कानपुर में रहते हैं, जबकि उनकी पत्नी आफरीन (40) गांव में अपनी दो बेटियों के साथ रहती है। 21 सितंबर की रात आफरीन ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि नकाबपोश बदमाश घर में घुसे, बेटियों को चाकू दिखाकर बंधक बनाया और करीब 18 लाख के गहने व नकदी लूटकर भाग गए।
पलिस ने जब जांच शुरू की तो कहानी में कई पेंच सामने आए। न तो घर में जबरन घुसने के सबूत मिले और न ही आफरीन को कोई चोट लगी। सर्विलांस और कॉल डिटेल खंगालने पर पता चला कि वारदात के समय आफरीन लगातार मोहम्मद शाहनवाज नाम के युवक से बात कर रही थी। पूछताछ में आखिरकार उसने सच कबूल कर लिया।दरअसल, आफरीन और शाहनवाज पिछले डेढ़ साल से रिश्ते में थे। पति के बाहर रहने का फायदा उठाकर दोनों ने योजना बनाई कि गहनों को छिपा दिया जाए और बाद में उन्हें इस्तेमाल किया जाएगा। आफरीन ने 16 तोला सोना घर के ही बक्से में छुपा दिया था। इतना ही नहीं, उसने अपनी छोटी बेटी को भी लूट की झूठी कहानी याद करा दी थी। हालांकि बड़ी बेटी ने सच बोल दिया कि वह सो रही थी और उसे कुछ पता नहीं। डीसीपी गंगानगर जोन कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि पुलिस ने गहने बरामद कर लिए हैं और आरोपी महिला व उसके प्रेमी को जेल भेज दिया गया है।
