प्रयागराज के स्वरूप रानी नेहरू (एसआरएन) अस्पताल में जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल खत्म होने के बाद गुरुवार को बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए पहुंचे। बुधवार तक हड़ताल के कारण इलाज ठप था और मरीजों को मायूस होकर लौटना पड़ा था। सुबह से ही अस्पताल के पंजीकरण काउंटर और ओपीडी में लंबी लाइनें लग गईं। मेडिसिन, आर्थोपेडिक और पैथालॉजी विभाग में सबसे ज्यादा भीड़ रही। हालांकि हड़ताल की जानकारी होने के कारण कई ग्रामीण मरीज आज भी अस्पताल नहीं आए।हड़ताल की वजह 3 दिन पहले हुई घटना थी, जब सर्जरी विभाग के रेजिडेंट डॉक्टर अनुराग कुमार से मारपीट की गई थी।
पुलिस कार्रवाई न होने से नाराज डॉक्टरों ने हड़ताल शुरू कर दी थी। हमलावरों की गिरफ्तारी के बाद बुधवार शाम हड़ताल समाप्त की गई।मोटी लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. वी.के. पांडेय ने बताया कि अब अस्पताल की सभी सेवाएं सामान्य हो गई हैं और मरीजों का इलाज नियमित रूप से किया जा रहा है।
