जनकपुरी क्षेत्र के किरण हेल्थ केयर अस्पताल में बच्चा बदलने को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया। अनुज कुमार ने बताया कि उनकी पत्नी कोमल को प्रसव पीड़ा होने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पत्नी ने लड़के को जन्म दिया, लेकिन कुछ देर बाद अस्पताल ने बच्चा बदलकर उन्हें लड़की थमा दी। शिकायत करने पर अस्पताल संचालक डॉ. हिमांशु शर्मा ने अनुज की बात सुनने से इनकार कर उन्हें अपमानित कर बाहर कर दिया। अनुज ने अस्पताल के बाहर धरना शुरू किया, जिससे नाराज होकर डॉक्टर और उनके स्टाफ ने अनुज को दौड़ाकर पीटा। घटना की जानकारी मिलने पर भीम आर्मी के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और डॉक्टर की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। हंगामा बढ़ने पर कई थानों की पुलिस मौके पर पहुँची।
भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज भी किया गया।पुलिस ने डॉक्टर और स्टाफ को हिरासत में लेकर थाने पहुँचाया। CO मनोज कुमार यादव ने बताया कि बच्चा चोरी का मामला गलत निकला है, लेकिन मारपीट की शिकायत पर कार्रवाई की जा रही है। महिला को अस्पताल से डिस्चार्ज कर घर भेज दिया गया है। फिलहाल डॉक्टर और स्टाफ से पूछताछ चल रही है। सोशल मीडिया पर घटना के कई वीडियो वायरल हो रहे हैं। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।
