मिर्जापुर के विंध्याचल धाम में विन्ध्य महोत्सव 2025 का शुभारंभ हो गया। नगर विधायक रत्नाकर मिश्र, मंडलायुक्त बालकृष्ण त्रिपाठी और जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने मां विन्ध्यवासिनी के चित्र पर माल्यार्पण किया और दीप प्रज्ज्वलित कर महोत्सव का उद्घाटन किया। साथ ही चित्र प्रदर्शनी भी शुरू की गई। महोत्सव में स्थानीय और अंतरराष्ट्रीय कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियां दीं। अंतरराष्ट्रीय लोकगायिका उषा गुप्ता ने देवीगीत प्रस्तुत किए, जबकि मनीष शर्मा ने कथक नृत्य से दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया।
इसके अलावा शिवलाल गुप्ता, कल्पना गुप्ता, रानी सिंह, सरोज देवी और कीर्ति ने भी प्रदर्शन किया। लोकगायक कौशल कुमार, रमापति पाल और शिवम कुमार ने देवी गीतों और भजनों से भक्तिमय माहौल बनाया।कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों ने सभी कलाकारों को अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और जिले के अधिकारी भी मौजूद रहे।