वाराणसी में रात से 24 घंटे की बारिश ने शहर में 125 साल का रिकार्ड तोड़ दिया है। शहर के कई इलाके जलभराव से परेशान हैं और लोगों के घरों में पानी भरा हुआ है। इस भारी बारिश के बीच संक्रामक बीमारियों के मामले भी बढ़ते दिख रहे हैं। कबीरचौरा मंडलीय चिकित्सालय में इमरजेंसी में रोजाना आने वाले मरीजों की संख्या बढ़कर 100 से 110 हो गई है, जबकि सामान्य दिनों में यह संख्या 60-70 रहती थी।
अस्पताल में सबसे ज्यादा मरीज वायरल फीवर और उल्टी-दस्त से पीड़ित हैं। डॉक्टरों की चेतावनी कबीरचौरा अस्पताल के इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर डॉ. वीके सिंह ने बताया कि इस मौसम में वायरल फीवर और लूजमोशन के मामले बढ़ रहे हैं। हालांकि मलेरिया और डेंगू फीवर के मरीज इस समय शहर में नहीं हैं। उन्होंने कहा, "लोग परेशान होकर अस्पताल आ रहे हैं, लेकिन सभी मरीजों का समुचित इलाज किया जा रहा है। साथ ही लोगों को संक्रमण से बचाव के लिए सलाह दी जा रही है।"डॉ. सिंह ने बारिश और इस मौसम में बीमारियों से बचाव के लिए कुछ महत्वपूर्ण सुझाव दिए हैं: जितना हो सके बाहर का खाना न खाएं, घर का बना खाना ही सेवन करें। बारिश में भीगने से बचें। यदि भीग जाएँ तो तुरंत गीले कपड़े बदलें और शरीर को सूखे तौलिये से पोछें। घर के बाहर केवल आवश्यक होने पर ही निकलें। वाराणसी के प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने भी लोगों से सावधानी बरतने और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है।

