रूस ने रक्षा तकनीक के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की। देश ने दुनिया की पहली न्यूक्लियर पावर्ड (परमाणु ऊर्जा संचालित) क्रूज मिसाइल ‘बुरेवस्तनिक-9M739’ का सफल परीक्षण किया। रूसी रक्षा अधिकारियों के अनुसार, यह मिसाइल अनलिमिटेड रेंज क्षमता रखती है।राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए इस ऐतिहासिक सफलता की घोषणा की। उन्होंने कहा, “अब सभी परीक्षण सफलतापूर्वक पूरे हो चुके। ऐसी मिसाइल दुनिया में किसी और देश के पास नहीं। पहले कई विशेषज्ञों को विश्वास नहीं था कि इस तरह का हथियार संभव है, लेकिन आज यह हकीकत बन चुका है।”रूसी सेना के प्रमुख जनरल वैलेरी गेरेसिमोव ने जानकारी दी कि मिसाइल का सफल परीक्षण 21 अक्टूबर को किया गया। इस दौरान बुरेवस्तनिक-9M739 ने करीब 15 घंटे तक उड़ान भरी और लगभग 14,000 किलोमीटर की दूरी तय की।
गेरेसिमोव ने यह भी बताया कि यह दूरी मिसाइल की अधिकतम रेंज नहीं है — यह इससे भी कई गुना अधिक दूरी तक उड़ान भरने में सक्षम है।विशेषज्ञों का मानना है कि बुरेवस्तनिक की सफलता से रूस ने स्ट्रैटेजिक न्यूक्लियर हथियारों की दौड़ में नई दिशा दे दी। यह मिसाइल लंबे समय तक हवा में रहकर किसी भी दिशा से टारगेट को निशाना बनाने में सक्षम है।रूसी रक्षा मंत्रालय ने कहा कि इस मिसाइल के ऑपरेशनल वर्जन को जल्द ही सैन्य बेड़े में शामिल किया जाएगा।

