लगातार दो दिन से हो रही बारिश ने वाराणसी के सदर तहसील कार्यालय की पोल खोल दी। शनिवार को कार्यालय परिसर में जलभराव होने से आने-जाने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कैंपस में वेंडर का काम करने वाले गौतम ने बताया कि "यहां थोड़ी-सी भी बरसात होती है तो तहसील परिसर तालाब बन जाता है। पानी निकासी की कोई व्यवस्था नहीं है।
कई बार एसडीएम को शिकायत दी गई लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।" तहसीलदार कार्यालय के कर्मचारियों ने भी स्वीकार किया कि सिर्फ एक तरफ का हिस्सा ही साफ-सुथरा रखा जाता है, क्योंकि वहीं से अधिकारियों का आवागमन होता है। बाकी जगह की हालत बदतर है। जलभराव के कारण लोग गिरते-पड़ते रहे और आज तो दो लेखपाल समेत कई लोग चोटिल भी हो गए। विडंबना यह रही कि शनिवार को तहसील दिवस भी था और दूर-दराज़ से लोग अपनी समस्याओं को लेकर यहां पहुंचे थे। लेकिन आलाधिकारी जलजमाव की समस्या की ओर ध्यान देने के बजाय पूरी तरह उदासीन बने रहे।

