रेल मंत्रालय, भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के तहत बनारस रेल इंजन कारखाना बरेका में स्पेशल कैंपेन 5.0 के द्वितीय चरण के अंतर्गत विशेष स्वच्छता जागरूकता एवं साफ-सफाई अभियान का आयोजन किया गया। यह अभियान महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह के मार्गदर्शन में संचालित हुआ।इस अवसर पर मुख्य यांत्रिक इंजीनियर सर्विस इंजीनियर के अधीन उप मुख्य यांत्रिक इंजीनियर प्लांट एवं उप मुख्य यांत्रिक इंजीनियर टूलिंग एवं मशीनरी के कार्यालयों सहित कारखाना परिसर में व्यापक सफाई अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान कार्यालयों की साफ-सफाई, रिकॉर्ड्स का सुव्यवस्थित प्रबंधन, अनुपयोगी सामग्री एवं फर्नीचर का निस्तारण, स्थान प्रबंधन तथा कार्यालयों के सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान दिया गया।इसके साथ ही बरेका कारखाना परिसर में सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली Public Address System के माध्यम से स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इस दौरान कर्मचारियों और स्थानीय समुदाय को स्वच्छता के महत्व, कचरा प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से स्वच्छता से संबंधित संदेशों, पुनर्चक्रण और कचरा निस्तारण के उपायों का प्रसारण किया गया।
बरेका प्रशासन ने बताया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। आने वाले दिनों में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम, स्वच्छता ड्राइव और प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जाएंगे, ताकि स्वच्छ भारत मिशन के उद्देश्यों को साकार किया जा सके।

