सम्पूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के पाणिनी भवन सभागार में मार्गशीर्ष कृष्ण चतुर्दशी के अवसर पर वीरांगना लक्ष्मीबाई की जन्मतिथि समारोह उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम में बनारस यूथ थिएटर के कलाकारों द्वारा प्रस्तुत लघु नाट्य मंचन ने दर्शकों को रानी लक्ष्मीबाई के साहस, देशभक्ति और अदम्य इच्छाशक्ति से रूबरू कराया।नाट्य प्रस्तुति में झाँसी की रानी के संघर्षपूर्ण जीवन को प्रभावशाली अभिनय और संवादों के माध्यम से दर्शाया गया, जिसे उपस्थित विद्यार्थियों, शिक्षकों और स्थानीय दर्शकों ने खूब सराहा।
रंगमंच से जुड़े उत्कर्ष ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य महिला सशक्तिकरण और समाज में महिला जागरूकता को बढ़ावा देना है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रस्तुति में रानी अहिल्याबाई होल्कर के जीवन संघर्ष को भी कहानी के रूप में शामिल किया गया, ताकि संदेश मिले कि विपरीत परिस्थितियों में भी दृढ़ संकल्प और साहस से इतिहास लिखा जा सकता है।कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों, अध्यापकों और कला प्रेमियों की बड़ी संख्या मौजूद रही। समारोह का समापन राष्ट्रगीत के साथ गरिमामय वातावरण में किया गया।
Tags
Trending

