स्वामी हरसेवानंद पब्लिक स्कूल, जगतगंज का वार्षिक खेलकूद समारोह आज बनपुरवा रमना स्थित विद्यालय के क्रीड़ांगन में उत्साह और उमंग के साथ प्रारंभ हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं विद्यालय समूह के प्रबंधक प्रकाश ध्यानानंद जी ने स्वामी हरसेवानंद जी महाराज के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया।अपने प्रेरक संबोधन में प्रकाश ध्यानानंद जी ने कहा कि “खेल न केवल शारीरिक विकास का माध्यम हैं, बल्कि यह अनुशासन, एकाग्रता और टीम भावना का भी परिचायक हैं।” उन्होंने विद्यार्थियों को खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लेने और सर्वांगीण विकास की दिशा में अग्रसर होने का संदेश दिया।कार्यक्रम के पहले दिन 100 मीटर व 200 मीटर दौड़, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल और बास्केटबॉल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें विद्यार्थियों ने उत्साह और खेल भावना के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का स्वागत भाषण प्रधानाचार्या ल रचना अग्रवाल ने दिया, जबकि संचालन मोनिका यादव ने किया। इस अवसर पर गढ़वाघाट शाखा के प्रधानाचार्य चंद्रशेखर सिंह, बनपुरवा रमना शाखा के प्रधानाचार्य डॉ. अजय कुमार चौबे, उपप्रधानाचार्या श्रीमती बीना उपाध्याय और छात्रावास प्रभारी एम. एस. यादव सहित विद्यालय परिवार के सभी सदस्य उपस्थित रहे।समारोह में विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों की सक्रिय भागीदारी से पूरा परिसर खेल भावना, उत्साह और आनंद से सराबोर रहा।

