बनारस में मौसम का मिजाज इन दिनों तेजी से बदल रहा है। दिन में चटक धूप के साथ गर्मी का अहसास हो रहा है, जबकि रात होते-होते सिहरन बढ़ने लगी है। पछुआ हवा करीब 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली, जिससे रात में ठंडक का असर और बढ़ गया। 14.5 डिग्री सेल्सियस के साथ इस सीजन की अब तक की सबसे ठंडी रात रही। वहीं दिन का अधिकतम तापमान 30.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे एक दिन पहले बृहस्पतिवार को तापमान 31.5 डिग्री सेल्सियस , जिसके चलते वाराणसी प्रदेश का तीसरा सबसे गर्म शहर बन गया।
रात नौ बजे के बाद सिहरन महसूस होने लगती है, जबकि मध्यरात्रि के बाद ठंड का असर और बढ़ जाता है। तापमान में दिन और रात के बीच अब करीब 17 डिग्री का अंतर देखने को मिल रहा है।आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह के अनुसार, अभी हाल ही में गुजरे पश्चिमी विक्षोभ के कारण पश्चिमी हिमालय में बर्फबारी हुई है। इसका असर उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में देखा जा रहा है, जहां तापमान में 5 से 10 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई है।मौसम विभाग के मुताबिक, आगामी एक सप्ताह तक मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। सुबह के समय हल्का फुल्का कोहरा और धुंध पड़ने की संभावना जताई गई है, जो दिन चढ़ने के साथ ही समाप्त हो जाएगा।
Tags
Trending

