श्री काशी विश्वनाथ धाम में महिला श्रद्धालुओं के सम्मान और सुविधा को ध्यान में रखते हुए मातृत्व हेतु एक नेक पहल की गई है। मुख्य कार्यपालक अधिकारी द्वारा विशेष रूप से निर्मित (मातृछाया) बेबी फीडिंग कक्ष का उद्घाटन किया गया। यह आधुनिक सुविधा माताओं को मंदिर परिसर में ही अपने शिशुओं को सुरक्षित, सहज और गरिमा के साथ दुग्धपान कराने का अवसर प्रदान करेगी।इस सुसज्जित कक्ष में आरामदायक सोफ़ा, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, तथा सुगम वायुसंचार के लिए पंखों की सुविधा उपलब्ध कराई गई है, जिससे माताओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और वे शांति से अपने शिशुओं की देखभाल कर सकें।यह सार्थक पहल रोटरी क्लब ऑफ वाराणसी रुद्राक्ष और रोटरी क्लब ऑफ वाराणसी वृंदा के संयुक्त सहयोग से पूरी की गई है।
रोटरी क्लब ऑफ वाराणसी रुद्राक्ष की ओर से अध्यक्ष रोटेरियन अमीथ मोदी, सचिव रोटेरियन धीरज कपूर और फाउंडेशन चेयर रोटेरियन दीपक शुक्ला शामिल रहे।वहीं रोटरी क्लब ऑफ वाराणसी वृंदा की ओर से अध्यक्ष रोटेरियन ललिता मोदी, जनपद की प्रथम महिला रोटेरियन डॉ. अनु अग्रवाल और कोषाध्यक्ष रोटेरियन मीना सिंह ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।मंदिर प्रशासन का कहना है कि धर्मस्थल पर दर्शन के साथ-साथ मातृत्व संबंधी आवश्यकताओं का सम्मान करना उनकी प्राथमिकता है। इस सुविधा के शुरू होने से काशी विश्वनाथ धाम आने वाली महिला श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी और मातृत्व के सम्मान का संदेश भी प्रभावी रूप से स्थापित होगा।

