बुलंदशहर की अनाज मंडी में सोमवार को मक्का खरीद में अनियमितताओं को लेकर किसानों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। किसानों का आरोप है कि मंडी अधिकारियों की मनमानी के कारण उनकी फसल उचित मूल्य पर नहीं खरीदी जा रही, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है।किसानों ने तोल केंद्रों पर खरीद न होने पर नाराजगी जताई और कहा कि तय भाव पर मक्का न खरीदकर उन्हें परेशान किया जा रहा है। किसान संगठनों के सदस्यों ने आरोप लगाया कि अधिकारियों की लापरवाही और मनमानी के चलते मंडी में खरीद प्रक्रिया प्रभावित हो रही है।
इसी बीच, भाजपा नेता कृष्णपाल अपने समर्थकों के साथ मंडी पहुंचे। उन्होंने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए अधिकारियों से कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि किसानों का शोषण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और वह इस मुद्दे को शासन स्तर तक ले जाएंगे, ताकि किसानों को उनका उचित हक मिल सके।मामले पर सिटी मजिस्ट्रेट संजय कुमार ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पूरे प्रकरण की जांच कराई जाएगी। यदि आरोप सही पाए गए, तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।वर्तमान में बुलंदशहर मंडी में मक्का का भाव 2225 से 2235 रुपये प्रति क्विंटल है, जबकि अन्य मंडियों में यह दर 1800 से 2980 रुपये प्रति क्विंटल के बीच चल रही है।
Tags
Trending

